Image Source = https://www.carbonaction.co.uk/carbon-footprint-training

 

क्र. शब्द  

अर्थ

 

1 कवक

(Fungi)

कवक पृथ्वी पर सबसे व्यापक रूप से वितरित जीवों में से है। ये अत्यंत पर्यावरणीय व चिकित्सीय महत्व के हैं। कवक एकल कोशिकीय या बहुत जटिल बहुकोशिकीय जीव होते हैं। कई कवक मिट्टी या पानी में मुक्त रूप से रहते हैं; अन्य पौधों या जानवरों के साथ परजीवी या सहजीवी तौर पर पाए जाते हैं।ये एक पारिस्थितिकी तंत्र में पोषक चक्र के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।इसमें यीस्ट, रसट्स, स्मट्स, माइल्ड्यूज़, मोल्ड्स और मशरूम शामिल हैं।

 

2 कवकनाशी

( Fungicide)

 

कवक दुनिया भर में फसल के नुकसान का एक बड़ा कारण है। कवकनाशी एक विशिष्ट प्रकार का कीटनाशक है जिसका उपयोग कवक की वृद्धि को मारने या बाधित करने के लिए किया जाता है। आमतौर पर परजीवी कवक को नियंत्रित करने के लिए कवकनाशी का उपयोग किया जाता है जो या तो फसल या सजावटी पौधों को आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं या घरेलू पशुओं या मनुष्यों के स्वास्थ्य को खतरे में डालते हैं।

 

3 कार्बन चक्र

(carbon cycle)

 

कार्बन चक्र वह चक्र है जिसके द्वारा कार्बन पृथ्वी की विभिन्न प्रणालियों से गुजरता है। पृथ्वी का अधिकांश कार्बन (लगभग 65,500 बिलियन मीट्रिक टन) चट्टानों में संचित है। शेष महासागर, वायुमंडल, पौधों, मिट्टी और जीवाश्म ईंधन में संचित है।  कार्बन के इन सभी संचित भंडारों के बीच कार्बन प्रवाहित होता है। कार्बन चक्र को जीवित चीजें, वायुमंडलीय परिवर्तन, महासागर रसायन विज्ञान और भूगर्भीय गतिविधियां प्रभावित करती हैं।वर्तमान में  काफी हद तक मानवीय गतिविधियों के कारण कार्बन का स्तर एक सर्वकालिक उच्च स्तर पर है।

 

4 कार्बन पदचिन्ह

(carbon footprints)

 

कार्बन पदचिह्न, कार्बन डाइऑक्साइड संबंधी सभी उत्सर्जनों का योग है, जो एक निश्चित समय सीमा की गतिविधियों से उत्पन्न हुए हैं। आमतौर पर एक कार्बन पदचिह्न की गणना एक वर्ष की समयावधि के लिए की जाती है।  कार्बन पदचिह्न व कार्बन डाइऑक्साइड की मात्रा (CO2) का उत्सर्जन किसी व्यक्ति या संस्था (जैसे भवन, निगम, देश, आदि) की सभी गतिविधियों से जुड़ा होता है। इसमें प्रत्यक्ष उत्सर्जन शामिल है जैसे कि विनिर्माण, ताप और परिवहन में जीवाश्म-ईंधन दहन के परिणामस्वरूप उत्पन्न उत्सर्जन  , साथ ही उपभोग की जाने वाली वस्तुओं और सेवाओं से जुड़ी बिजली का उत्पादन करने के लिए आवश्यक उत्सर्जन इत्यादि। इसके अलावा, कार्बन पदचिह्न अवधारणा में अक्सर मीथेन, नाइट्रस ऑक्साइड या क्लोरोफ्लोरोकार्बन (सीएफसी) जैसी अन्य ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन भी शामिल होता है। प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से मानव गतिविधियों के द्वारा उत्पादित ग्रीनहाउस गैसों की कुल मात्रा, आमतौर पर कार्बन डाइऑक्साइड (CO2) के बराबर टन में व्यक्त की जाती है।

 

5 कार्बनिक पदार्थ

(Organic matter)

 

कार्बनिक पदार्थ वह पदार्थ है जिसमें बड़ी मात्रा में कार्बन-आधारित यौगिक होते हैं। कार्बनिक पदार्थ का सबसे बड़ा घटक मृत पदार्थ है। यह पौधे और जानवरों के अवशेषों के टूटने से प्राप्त होता है ।मिट्टी में मृत पदार्थ लगभग 85% कार्बनिक पदार्थ बनाता है। कार्बनिक पदार्थ में मृत पदार्थ, जीवित रोगाणु और पौधों के जीवित भाग शामिल हैं। यह ऑक्सीजन, हाइड्रोजन, नाइट्रोजन, फास्फोरस और सल्फर के साथ पैंतालीस से पचास प्रतिशत कार्बन से बना होता है।

 

6 कठोर जल

(Hard water)

 

 

वह जल जिसमें कैल्शियम और मैग्नीशियम के लवण, मुख्यत: बाइकार्बोनेट, क्लोराइड, और सल्फेट्स के रूप में होते हैं, कठोर जल कहलाता है। इसमें लौह अवशेष भी मौजूद हो सकता है जो धुले हुए कपड़े और तामचीनी सतहों पर लाल भूरे रंग के धब्बे के रूप में दिखाई देगा।  कठोर जल प्राकृतिक रूप से उस स्थिति में होता है, जहां पानी कैल्शियम कार्बोनेट या मैग्नीशियम कार्बोनेट, जैसे चाक या चूना पत्थर के माध्यम से फैलता है।

 

7 कीटनाशक

(Pesticide)

 

 

कीटनाशक रासायनिक यौगिक हैं जिनका उपयोग कीटों, कृन्तकों, कवक और अवांछित पौधों (खरपतवारों) को मारने के लिए किया जाता है। सार्वजनिक स्वास्थ्य में कीटनाशकों का उपयोग रोग के कारकों जैसे मच्छरों और कृषि में, फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले कीटों को मारने के लिए किया जाता है। कीटनाशक मनुष्यों सहित अन्य जीवों के लिए संभावित रूप से विषैले होते हैं और उन्हें सुरक्षित रूप से उपयोग एवं निपटान करने की आवश्यकता है।

 

8 कृषि अवशेष

(Agricultural waste)

 

कृषि  अवशेष/अपशिष्ट को कृषि गतिविधियों के परिणामस्वरूप उत्पन्न होने वाले अवांछित कचरे के रूप में परिभाषित किया जाता है, जैसे- खाद, तेल, उर्वरक, कीटनाशक, पोल्ट्री घरों और बूचड़खानों से उत्पन्न कचरा, पशु चिकित्सा दवाएँ या बागवानी प्लास्टिक आदि।

 

 

9 कृषि पारिस्थितिकी

(Agri-ecology)

 

कृषि पारिस्थितिकी / कृषिविज्ञान, कृषि उत्पादन प्रणालियों के लिए लागू पारिस्थितिक प्रक्रियाओं का अध्ययन है। इसके द्वारा कृषि उत्पादन प्रणालियों और पारिस्थितिक प्रक्रियाओं के बीच संबंधों का आकलन किया जाता है। इसमें अंतर्गत वे सभी तकनीकें शामिल हैं जो कृषि प्रथाओं को पर्यावरण और इसकी पारिस्थितिक विशिष्टताओं के प्रति धारणीय बनाती हैं।

 

 

10 कूड़ा –करकट

(Garbage)

 

औद्योगिक अपशिष्टों को छोड़कर अन्य सभी अपशिष्ट  कूड़ा –करकट/कचरा कहलाता है। किसी स्थान पर सफ़ाई करने के बाद निकली गंदगी, ऐसी चीज़ जो बिलकुल रद्दी मान ली गई हो, कचरा, धूल-गंदगी, रद्दी और अनुपयोगी वस्तुएँ जिन्हें सामान्यता फेंक दिया जाता है, इसके अंतर्गत आती हैं।

 

 

– पूजा सुन्डी

सहायक प्रबंधक ( पर्यावरण )

 

पर्यावरण शब्दकोष (5)